सितंबर का महीना खत्म होने जा रहा है। इसके साथ ही अब लोग ठंड भी महसूस करने लगे हैं। दक्षिण-पश्चिमी मानसून अपनी वापसी की सामान्य तिथि के 11 दिन बाद सोमवार को पश्चिमी राजस्थान और पंजाब के कुछ हिस्सों से वापस लौट गया है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दी।
मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि अगले दो से तीन दिन में राजस्थान एवं पंजाब के कुछ और हिस्सों तथा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों से इसकी वापसी के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं।
मौसम शुष्क बने रहने की संभावना
विभाग ने बताया कि 28 सितंबर 2020 को पश्चिमी राजस्थान और पंजाब के कुछ इलाकों से दक्षिण-पश्चिमी मानसून वापस लौट गया।
इसने कहा कि अगले पांच दिनों में उत्तर भारत के हिस्सों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि देश में बारिश का मौसम एक जून से शुरू होकर तक 30 सितंबर तक जारी रहता है। केरल में इस साल मानसून अपनी निर्धारित तिथि एक जून को पहुंचा।
पूरे देश में यह 26 जून को पहुंचा। मानसून उत्तर भारत से वापस लौट रहा है, लेकिन देश के अन्य इलाकों में अभी बारिश जारी रहेगी।
27 सितंबर तक सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार देश में 27 सितंबर तक सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक बारिश हुई। हालांकि, मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मध्यम गरज और बिजली के साथ काफी तेज बारिश हो सकती है।
अगले 2 दिनों तक तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 सितंबर को रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में भी बारिश की संभावना जताया है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मानसून गुजरात, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और पूर्वी यूपी और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों से 1 अक्टूबर तक वापस चला जाएगा।
लेकिन पुणे और मुंबई में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह के अंत तक मानसून के वापस लौटने की संभावना है।
Discover more from Digital Education Portal
Subscribe to get the latest posts to your email.