![बिजली के बाद अब 24 घंटे पानी भी देने की तैयारी कर रही दिल्ली सरकार 4 Digital education portal default feature image](https://i0.wp.com/educationportal.org.in/wp-content/uploads/2022/12/digital-education-portal-default-feature-image.png?fit=1200%2C630&ssl=1)
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने वाली दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार अब राजधानी के लाखों लोगों को 24 घंटे पानी देने की योजना पर भी काम कर रही है। आने वाले समय में सुविधा दिल्ली के लोगों को मिलने लगेगी।
यह एलान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार की पत्रकार वार्ता के दौरान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिजली के बाद अब 24 घंटे पानी भी देने की तैयारी में दिल्ली सरकार जी-जान से जुट गई है।
उन्होंने इस दिशा में उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 24 घंटे पानी आपूर्ति के लिए कन्सल्टेंट हायर किए जा रहे हैं, जो यह बताएंगे कि जल वितरण प्रणाली में कहां हैं खामियां और उन्हें कैसे दूर किया जाए।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली की करीब 2 करोड़ की आबादी के लिए हमारे पास प्रति व्यक्ति 176 लीटर पानी उपलब्ध है। ऐसे में केवल उसका वितरण दुरुस्त किए जाने की जरूरत है, हमारे पास पर्याप्त पानी का इंतजाम है।
उन्होंने पत्रकार वार्ता में यह भी स्वीकारा कि दिल्ली में अब भी पानी की चोरी हो रही है और लीकेज भी एक बड़ी समस्या है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नियुक्त कन्सल्टेंट हमें इन्ही खामियों और उन्हें दूर करने के बारे में बताएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि विपक्ष का आरोप गलत कि हम जल बोर्ड का निजीकरण कर रहे हैं, न ऐसा है और न ही हो सकता है।
बता दें कि राजधानी दिल्ली में पेयजल आपूर्ति व सीवरेज प्रबंधन की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने के फैसले का भाजपा ने विरोध किया है। उसका कहना है कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार दिल्लीवासियों को 24 घंटे पानी देने का दावा कर रही थी।
लोगों को 24 घंटे पानी तो मिला नहीं, सरकार ने अपनी जिम्मारियों से बचने का विकल्प जरूर तलाश लिया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि जल बोर्ड को निजी कंपनियों के हाथों में देने के पीछे भ्रष्टाचार है।
टैंकर माफिया को आप नेता संरक्षण दे रहे हैं। सरकार मनचाही कंपनी को दिल्ली जल बोर्ड की जिम्मेदारी सौंप देगी। वहीं, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री के नाम खुला पत्र लिखा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की वजह से दिल्ली के कई इलाके में लोगों को पानी नहीं मिलता है। दूषित पानी की भी समस्या है। टैंकर माफिया का बोलबाला है। सीवर व्यवस्था सही नहीं होने से बारिश में जलभराव की समस्या होती है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जल बोर्ड की कार्यशाली सुधारने का वादा किया था जिसमें वह विफल रही है। अब उसे निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि जल बोर्ड में भ्रष्टाचार की सीबीआइ जांच होनी चाहिए।
Discover more from Digital Education Portal
Subscribe to get the latest posts to your email.